गरली। कांगड़ा जिला के जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के रक्कड़ पुलिस थाना के तहत गरली क्षेत्र के मनियाला पटवार सर्कल (नाहन नगरोटा) में तैनात पटवारी प्रदीप कुमार (44) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
पटवारी प्रदीप कुमार 3 अगस्त, 2026 से लापता थे। उनके भाई संदीप कुमार ने पुलिस थाना रक्कड़ में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस पटवारी प्रदीप कुमार की तलाश में जुटी थी। मंगलवार सुबह पटवारी प्रदीप कुमार की कार खाई में गिरी मिली और वह मृत पाए गए।
बता दें कि हर रोज की भांति प्रदीप कुमार पुत्र बलदेव सिंह निवासी पंचायत सेहरी दगड़ी पिछले कल सोमवार को अपनी ड्यूटी के लिए सुबह निकले थे। वह प्रागपुर तहसील में किसी कार्य से गए हुए थे। इसके बाद वह किसी ऑफिशियल कार्य के लिए देहरा के लिए रवाना हुए। देहरा से काम निपटाकर वह दोपहर और शाम के बीच लौटे।
परिवारजनों ने बताया कि शाम तक घर नहीं पहुंचने पर फोन से संपर्क करना चाहा तो संपर्क नहीं हुआ। परिजनों ने अधिकारियों से संपर्क किया और पटवारी प्रदीप कुमार की आसपास तलाश शुरू कर दी।
मामले की शिकायत पुलिस थाना रक्कड़ में की गई। शिकायत में भाई संदीप कुमार ने बताया कि 44 वर्षीय भाई प्रदीप कुमार, जो पटवारी के पद पर कार्यरत हैं, 03 अगस्त 2026 को सरकारी ड्यूटी के बाद अपनी कार संख्या HP39C-9825 सहित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सर्च आपरेशन रात भर जारी रहा।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे कुछ स्थानीय लड़के गरली से मूही की और सड़क से जा रहे थे तो उन्हें झाड़ियों और घास में गाड़ी के टायरों के निशान दिखाई दिए। शक होने पर खाई में देखा तो कार पलटी हुई थी।
कार गरली-मूंही रोड पर अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाई में गिरी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे में पटवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रदीप कुमार की पत्नी, 9 साल की बेटी, बुजुर्ग पिता, दो भाई हैं। इनकी माता का कुछ साल पहले देहांत हो चुका है। इस दुखद घटना पर विधायक बिक्रम ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के नेता सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है।