ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के नूरपुर उपमंडल के एसडीएम कार्यालय के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने हिमाचल सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते नशे के कारोबार और शिक्षा नीति के प्रति सरकार की कथित उदासीनता को लेकर जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बाला शर्मा ने कहा कि कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव कराना विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन लंबे समय से चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। उन्होंने प्रदेश के सभी मुख्य बस अड्डों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
एबीवीपी कार्यकर्ता संदीप कौर ने नूरपुर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई वर्षों से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन भवन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इससे विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने नशा मुक्ति केंद्र की इमारत की खराब स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि यदि सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर है तो बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की चेतावनी दी।