शाबाश: हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय की दो छात्राएं बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर
ewn24news choice of himachal 04 May,2023 10:46 pm
आदिका व साक्षी मेहता का हुआ चयन
धर्मशाला।हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय (Himachal Pradesh Central University) के इतिहास विभाग की दो छात्राओं का असिस्टेंट प्रोफेसर इतिहास के पद के लिए चयन हुआ है। इसमें आदिका पुत्री अजय मोहन शर्मा और साक्षी मेहता पुत्री नरेदर सिंह का शामिल हैं। आदिका वर्तमान में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में पीएचडी की पढ़ाई कर रही हैं। वर्ष 2019 में इन्होंने नेट और 2020 में सेट की परीक्षा उत्तीर्ण की।
साक्षी मेहता भी वर्तमान में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में पीएचडी की पढ़ाई कर रही हैं। वर्ष 2019 में इन्होंने नेट एवं सेट की परीक्षा उत्तीर्ण की। समाज विज्ञान स्कूल के अधिष्ठाता प्रो. संजीत सिंह और इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कंवर चंद्रदीप सिंह व अन्य संकाय सदस्यों ने दोनों छात्राओं को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 29 अप्रैल 2022 को कॉलेज कैडर असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) के 37 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। 5 दिसंबर 2022 को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया था। इसका रिजल्ट 6 अप्रैल को घोषित किया गया था। इसमें आदिका व साक्षी मेहता सहित 117 अभ्यर्थियों को पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए चयनित किया गया था
26 अप्रैल से पहली मई तक पर्सनैलिटी टेस्ट आयोजित किया गया। इसका आयोग ने बुधवार (3 मई) को रिजल्ट घोषित किया। इसमें आयोग ने आदिका व साक्षी मेहता सहित 34 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की सिफारिश की है। अब विभाग की तरफ से नियुक्ति पत्र जारी होंगे।