शिमला : पेड़ तो कटे नहीं, बेघर हो गए लोग- भट्टाकुफर में घरों पर गिरा मलबा
ewn24news choice of himachal 24 Aug,2023 3:42 am
चार घरों को खाली करवाया
शिमला। राजधानी शिमला में हो रही बारिश से जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं। भट्टाकुफर वार्ड में लैंडस्लाइड के चलते भारी मलबा घरों पर आ गिरा, जिसके चलते घरों को खतरा पैदा हो गया है और चार घरों को खाली करवा दिया गया है।
मलबे के साथ ऊपर से पेड़ भी नीचे आ गिरे हैं। हालांकि पेड़ों को काटने के लिए काफी समय से स्थानीय लोग नगर निगम से गुहार लगा रहे थे, लेकिन समय रहते इन पेड़ों को नहीं काटा गया, जिसके चलते यह पेड़ नीचे आ गिरे हैं और नुकसान हुआ है।
स्थानीय पार्षद नरेंद्र ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि ऊपर से मलबा गिरने से भवनों को काफी खतरा हुआ है। इन भवनों को खाली करवा दिया गया है।
इस मलबे के साथ कुछ पेड़ भी नीचे आ गए हैं। इन पेड़ों को काटने के लिए 1 साल से नगर निगम से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन नगर निगम की अनदेखी के चलते इन पेड़ों को नहीं काटा गया और आज इससे काफी नुकसान हुआ है।
उन्होंने राहत बचाव कार्यों पर भी सवाल उठाए और कहा कि यहां पर काफी ज्यादा मलबा घरों पर आ गया और नगर निगम द्वारा केवल दो कर्मियों को भेजा गया है, जबकि इस आपदा के समय अतिरिक्त कर्मचारियों को फील्ड में उतर जाना चाहिए।