राकेश चंदेल/बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की बेटी मुस्कान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय स्वात महासंघ (FISav) द्वारा हाल ही में जारी की गई वैश्विक टॉप 10 रैंकिंग में मुस्कान ने दूसरा स्थान हासिल कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।
स्वात संघ हिमाचल प्रदेश की महासचिव संतोषी शर्मा ने जानकारी दी कि मुस्कान के साथ-साथ भारत के अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सुचेता शर्मा ने चौथा स्थान, रोमा ने नवां स्थान और रजत कुमार ने दसवां स्थान प्राप्त कर देश को गर्व का अनुभव कराया है।
यह पहली बार है जब स्वात के सौ वर्ष के इतिहास में किसी भारतीय खिलाड़ी ने इस वैश्विक रैंकिंग में स्थान प्राप्त किया है। यह न केवल भारत, बल्कि हिमाचल प्रदेश स्वात संघ के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।
महासचिव संतोषी शर्मा ने आगे बताया कि आने वाले वर्ल्ड कॉम्बैट गेम्स, जो अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमिटी द्वारा आयोजित किए जाएंगे, उनमें टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधे भागीदारी का मौका मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश स्वात संघ की ओर से सभी खिलाड़ियों को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।