कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में शु्क्रवार रात एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कांगड़ा बस स्टैंड पर शिमला से पालमपुर यात्रा कर रही एक युवती के साथ एक प्राइवेट बस के कंडक्टर ने सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकतें कीं। यहीं नहीं शोर मचाने पर युवती के भाई के साथ आरोपी व उसके कुछ साथियों ने मारपीट भी की।
आरोपी लंज इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हालांकि, पुलिस ने आरोपी की पहचान नहीं बताई है। पुलिस ने आरोपी सहित अब तक कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है।
पीड़िता ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आप बीती साझा करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई थी। युवती ने सोशल मीडिया पर लिखा कि "रात के 11:00 बजे मैं कांगड़ा बस स्टैंड पर पालमपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी तभी एक व्यक्ति मेरे सामने आया और अश्लील इशारे करने लगा। पहले तो मैंने नज़रअंदाज किया सोचा शायद मेरा भ्रम हो लेकिन कुछ देर बाद उसने और भी शर्मनाक हरकत करते हुए अपनी पैंट की जिप खोल दी और फिर इशारे किए।"
जब शिमला की रहने वाली इस युवती ने विरोध किया और जोर से आवाज़ उठाई तो आरोपी ने खुद को बचाने के लिए फोन पर बात करने का नाटक किया और मासूम बनने की कोशिश की लेकिन वह शराब के नशे में धुत्त था। पीड़िता ने आगे बताया कि "जब मैंने आवाज़ उठाई तो उसके बुलाए कुछ गुंडे वहां आ गए और मेरे साथ खड़े भाई पर हमला कर दिया। इसी अफरातफरी में वो शख्स भाग निकला। हमने कांगड़ा पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रात के 11:40 तक कोई मदद नहीं पहुंच पाई थी।"
वहीं, कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने मीडिया को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि कांगड़ा बस स्टैंड पर एक युवती के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। 11 जुलाई की रात को 112 हेल्पलाइन पर इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को बस स्टैंड पर पाया। पीड़िता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की और उसी रात भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 115(2), और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई। साथ ही पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में यह भी बताया गया कि SHO कांगड़ा और उनकी टीम ने पीड़िता और उसके परिजनों को रहने और खाने की व्यवस्था भी करवाई। एसपी ने कहा कि कांगड़ा पुलिस जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर जरूरतमंद नागरिक को सहायता देने के लिए हमेशा तैयार रहती है।