कुल्लू। जिला कुल्लू की सैंज घाटी की धाऊगी पंचायत के गांव तांदी में सोमवार को भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड में एक ढाई मंजिला मकान, दो गौशालाएं और घरेलू उद्योग जलकर राख हो गया है।
इसके अलावा दो मकान और देवता ब्रह्मा के भंडार को आंशिक नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार ये अग्निकांड सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ है। लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग खुद भी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। यही नहीं आसपास के गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।