रेखा चंदेल/ झंडूता। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2024 में बिलासपुर जिले के झंडूता निवासी वैभव सिंह ने देशभर में 82वां स्थान हासिल किया है। वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। शनिवार को झंडूता पहुंचने पर वैभव सिंह का भव्य स्वागत किया गया। झंडूता बाजार में व्यापारियों और ग्रामीणों ने एकत्रित होकर वैभव को सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने वैभव की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें बधाई दी।
बता दें कि वैभव सिंह ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 को अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर 82वां रैंक हासिल किया है। वैभव के माता-पिता शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, जहां उनके पिता वीरेंद्र सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनोह में प्रधानाचार्य और माता मोनिका सिंह राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में फिजिक्स की प्रोफेसर हैं।
वैभव ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में ऑनर्स के साथ स्नातक किया और कठिन परिश्रम के साथ यह मुकाम हासिल किया। रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग लगातार उन्हें फोन और व्यक्तिगत रूप से बधाई दे रहे हैं। वैभव ने कहा कि वे प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान करने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।