मंडी। प्राकृतिक फल काफल ने मंडी जिला के बाजारों में दस्तक दे दी है। यह फल हिमाचल प्रदेश के जंगली क्षेत्रों में पाया जाता है। इस सीजन की काफल के फल की खेप सेरी मंच मंडी पर पहुंच गई है। हालांकि, शुरुआती दौर में काफल कम पहुंच रहा है। काफल फल के शुरुआती दाम 500 रुपए किलोग्राम हैं। सीजन के शुरुआती दौर में काफल फल के दाम अधिक होते हैं, लेकिन जैसे-जैसे दूसरे क्षेत्र से काफल की खेप पहुंचना शुरू होती है तो दामों में भी कमी आ जाती है।
व्यापारी देश राज ने बताया कि हर वर्ष मई से मई-जून माह के बीच काफल पककर तैयार हो जाता है। इसके उपरांत ग्रामीण जंगलों में काफल फल के एक-एक दाने को बड़ी सावधानी से तोड़ते हैं। सुबह-सवेरे ग्रामीण गाड़ियों में लोड करके काफल को बाजारों तक पहुंचाते हैं।
इस फल में औषधीय गुणों की भरमार है। कई औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का काम करता है। काफल से स्फूर्ति वर्धक पेय बनता है। काफल का फल ही नहीं पूरा पौधा औषधीय गुणों से भरपूर है, जो कुदरत की अनमोल देन है। इससे मनुष्य के शरीर से जुड़े अनेक विकार ठीक हो सकते हैं। काफल के फल की खेती नहीं होती है बल्कि कुदरती तौर पर यह हिमाचल के जंगलों में उगता है।