शिमला। हिमाचल में येलो अलर्ट के बीच मौसम बिगड़ा है। प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग द्वारा 4 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही आंधी, बिजली गिरने व ठंडा दिन रहने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था।
इसी बीच सुबह से ही लाहौल-स्पीति जिला में हिमपात का दौर शुरू हो गया, वहीं दोपहर बाद कांगड़ा सहित निचले कुछ इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ।
इसी के साथ प्रदेश में फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी को देखते हुए लाहौल-स्पीति पुलिस ने सैलानियों के लिए एडवाइजरी जारी की है, ताकि घाटी में किसी तरह की कोई दुर्घटना न हो।
बता दें कि हिमाचल में 5 फरवरी, 2025 को भी अलग-अलग स्थानों पर आंधी/बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी है। 6 और 7 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के अनुमान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
अपडेट के अनुसार 6 और 7 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है। 8 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।
9 फरवरी, 2025 को मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को फिर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है।