कांगड़ा। जिला कांगड़ा के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांगड़ा पुलिस की सीआईए (CIA) टीम को देर शाम एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस थाना शाहपुर के अंतर्गत पुराने एनएच रोड, घटनालु (पठानकोट से शाहपुर मार्ग) पर गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद सीआईए टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय कर्तव्य पठानिया पुत्र के रूप में हुई है, जो कि जिला कांगड़ा की शाहपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव एवं डाकघर दरगेला का निवासी है।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इतनी मात्रा में चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किसे बेचने की फिराक में था। इस अवैध नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लायरों की भी तलाश की जा रही है, ताकि मामले की तह तक पहुंचकर अन्य संलिप्त आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जा सके।