मंडी। स्मार्ट मीटर विद्युत उपभोक्ताओं के बिल अब केवल बोर्ड के अभिलेखों में दर्ज पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर ही उपलब्ध रहेंगे। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों की मुद्रित प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
उपभोक्ता अपने विद्युत बिल www.hpseb.in अथवा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की आधिकारिक मोबाइल ऐप "HPSEBL" पर पंजीकृत करके डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
विद्युत उपमंडल साईगलू के सहायक अभियंता ई. विनीत कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं से लंबित विद्युत बिलों को नियत तिथि के अंदर जमा कराने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि जो उपभोक्ता नियत तिथि के अंदर विद्युत बिलों के भुगतान नहीं करते हैं।
उनके विद्युत कनेक्शन बिना किसी सूचना व पत्राचार के विच्छेदित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कराने के लिए 250 रुपए प्रति कनेक्शन संयोजन शुल्क के रूप में अतिरिक्त जमा कराने होंगे।
उन्होंने साईगलू विद्युत उप-मंडल के समस्त उपभोक्ताओं से निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए अपने विद्युत बिलों को नियत तिथियों में जमा कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपनी पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी को निकटतम विद्युत कार्यालय में अद्यतन कराने को भी कहा है, ताकि विद्युत बिलों, देय तिथियों व अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं से संबंधित संदेश उन्हें समय-समय पर संप्रेषित किए जा सकें। उपभोक्ताओं से विद्युत विभाग को सहयोग करने की अपील की है।