चंबा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब चंबा जिला में निजी बस के पलटने से सात लोगों की जान चली गई है। हादसे में 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुआ है।
बता दें कि निजी शर्मा बस चंबा से बैरागढ़ के लिए जा रही थी। चालुज मोड़ के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से लुढ़क कर नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे का पता चलते ही मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और राहत व बचाव कार्य चलाया।
स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में 20 से 25 लोग सवार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बस हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।