प्रागपुर। कांगड़ा जिला के प्रागपुर में गांव मनियाला की नारी शक्ति ने बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध जताया। महिलाओं ने प्रागपुर बिजली दफ्तर के सामने हाथ में ज्ञापन लिए धरना प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में मनियाला गांव की महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने प्रागपुर बिजली दफ्तर में सहायक अभियंता बिक्रम जीत सिंह को ज्ञापन सौंपा।
नारी शक्ति ने कहा कि हमें स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए और हम इसका भारी विरोध करते हैं। महिलाओं ने कहा कि हमें इस मीटर की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर में क्या खराबी थी जो पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने शुरू कर दिए।
वहीं, महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जयराम सरकार ने 125 युनिट फ्री बिजली दी थी और कांग्रेस सरकार ने 300 युनिट फ्री बिजली देने का वादा किया था। इस सरकार ने हर घर की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिला को 1500 रुपये का वादा किया गया वह भी पूरा नहीं किया गया उल्टा स्मार्ट बिजली के मीटर का बोझ लोगों पर डाल दिया।
महिलाओं ने कहा कि पहले लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए। पंचायतों में महिला मंडल में जाकर महिलाओं को जानकारी दें। हमारे गांवों में बुजुर्ग, अनपढ़ बुजुर्ग महिलाएं हैं जो कि फोन चलाना नहीं जानतीं।