मंडी। जिला पुलिस मंडी द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पधर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 23 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई 13 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे पधर बाजार स्थित पुलिस सहायता कक्ष के पास की गई, जहां पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही सिल्वर रंग की किया सेल्टोस कार (HP-86-7046) को जांच के लिए रोका गया। कार चालक की पहचान धर्मपुर तहसील निवासी 30 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में पधर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर रही है और मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।