ऋषि महाजन/नूरपुर। मनरेगा के नाम और स्वरूप में किए गए बदलाव को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हिमाचल में जिला स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुक्रवार को विधानसभा फतेहपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फतेहपुर ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गांधीगिरी करते हुए विश्राम गृह फतेहपुर में सांकेतिक धरना दिया।
धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की तस्वीर के आगे पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद एसडीएम फतेहपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मनरेगा में किए गए बदलावों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फतेहपुर के अध्यक्ष जीत राम शर्मा ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीणों की जीवन रेखा है। आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हमने उनकी तस्वीर के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करवाया है। साथ ही एसडीएम फतेहपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर VB-G RAM G कर दिया है, जिसका पूरा नाम विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) बताया जा रहा है। नाम बदलने की आड़ में योजना के मूल स्वरूप को कमजोर किया जा रहा है, जिससे सीधे तौर पर गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों को नुकसान पहुंचेगा।
पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक फतेहपुर एवं प्रभारी, मनरेगा बचाओ संघर्ष समिति कांग्रेस पालमपुर विवेक पधेडिया ने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि करोड़ों ग्रामीण परिवारों की रोजी-रोटी है।
महात्मा गांधी ने जिस स्वावलंबी ग्रामीण भारत का सपना देखा था, मनरेगा उसी सोच की पहचान है। आज गांधी जी की पुण्यतिथि पर हमने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है। अगर सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक फतेहपुर एवं प्रभारी, मनरेगा बचाओ संघर्ष समिति कांग्रेस चंबा सदर जगजीत सिंह जग्गू ने कहा कि मनरेगा में बदलाव गरीब और मजदूर वर्ग पर सीधा हमला है।
आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर हमने गांधीवादी तरीके से विरोध जताया और एसडीएम फतेहपुर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया है। कांग्रेस सड़क से लेकर राष्ट्रपति भवन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।