ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने नूरपुर क्षेत्र के तीन प्रमुख व्यापारियों मनोज गुप्ता, राकेश शर्मा (पप्पू) और ऋषि महाजन को 'ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड, हिमाचल प्रदेश' का सदस्य नियुक्त किया है। एक साथ तीन स्थानीय प्रतिनिधियों को बोर्ड में स्थान मिलने से नूरपुर और जसूर के व्यापारिक वर्ग में उत्साह और खुशी का माहौल है।
स्थानीय व्यापारियों ने इस निर्णय को क्षेत्र के लिए सम्मान का विषय बताया है। उनका मानना है कि इस नियुक्ति से व्यापारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन ने नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि नूरपुर से तीन व्यापारियों की बोर्ड में नियुक्ति क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर और जसूर प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक केंद्र हैं, जहां के व्यापारी लंबे समय से कई तरह की व्यावहारिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि नवनियुक्त सदस्य व्यापारियों की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाएंगे और उनके हितों की रक्षा करेंगे।
अपनी नियुक्ति पर मनोज गुप्ता, राकेश शर्मा और ऋषि महाजन ने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा पूर्व विधायक अजय महाजन का आभार व्यक्त किया।
नवनियुक्त सदस्यों ने साझा बयान में कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरे उतरेंगे।
नूरपुर और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों से नियमित संवाद बनाकर उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों को समझा जाएगा। संबंधित विभागों और प्रदेश सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय व्यापारियों ने पूर्व विधायक अजय महाजन और तीनों नवनियुक्त बोर्ड सदस्यों का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।