पांगी। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के जनजातीय क्षेत्र पांगी में खराब मौसम के बीच एक हादसा हुआ है। पांगी के पुंटों गांव में घर की छत से बर्फ हटाते समय एक व्यक्ति गिर गया और गंभीर घायल हो गया है। घायल सिविल अस्पताल किलाड़ में है।
जानकारी के अनुसार ये हादसा शुक्रवार शाम करीब 6 बजे का है। 37 वर्षीय शाम सिंह अपने घर की छत से बर्फ हटा रहा था कि अचानक उसका पैर फिसला और वह छत से नीचे गिर गया।
शाम सिंह के परिवार वाले और ग्रामीण पालकी में उठाकर करीब छह किलोमीटर बर्फीली सड़कों पर पैदल चलकर उसे सड़क तक लेकर पहुंचे। इसके बाद उसे वाहन से किलाड़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उसका उपचार किया गया।
अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शाम सिंह को कुल्लू अस्पताल रेफर किया। लेकिन, पांगी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं और सड़कें भी बर्फ से ढकी हुई हैं। ऐसे में मरीज को हवाई मार्ग से इलाज के लिए कुल्लू भेजने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चापर के जरिये मरीज को एयर लिफ्ट करने की मांग उठाई है ताकि उनका इलाज समय पर हो सके।