राजगढ़। जिला सिरमौर के राजगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साफ मौसम के बीच एक दो मंजिला रिहायशी मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गया।
इस भीषण हादसे में मकान के मलबे में दबने से दो महिलाओं (मां-बेटी ) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब यह हादसा हुआ, तब मकान के भीतर चार लोग मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे में किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों लोग भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान निर्मला देवी (56) और उनकी बेटी पूजा (30) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए दो बच्चों - हीरा और आबियाना - को मलबे से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।