कांगड़ा। कांगड़ा पुलिस की स्पेशल सीआईए (CIA) टीम को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना गगल के अंतर्गत आते रजोल (गज्ज खड्ड पुल, बणोई के पास) में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय आरोपी को 07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की सीआईए टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना और संदेह के आधार पर पठानकोट से धर्मशाला जा रही एचआरटीसी (HRTC) बस (HP 38E 6478) को चेकिंग के लिए रोका गया। जब बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली गई, तो एक युवक के कब्जे से 07 ग्राम नशीला पदार्थ 'चिट्टा' बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुखजिंदर सिंह (28 वर्ष), पुत्र निवासी गांव शेखांवाला, डाकघर संगोली, तहसील व ज़िला कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है।
गगल पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीएंडपीएस अधिनियम (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि यह नशीला पदार्थ पंजाब से कहां से खरीदा गया था और धर्मशाला क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।