ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CIA विंग नूरपुर को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने छतरोली क्षेत्र में दबिश देकर 16.02 ग्राम चिट्टा/हैरोइन के साथ एक 28 वर्षीय युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी की रोकथाम हेतु मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि पंजाब का रहने वाला एक युवक मोटरसाइकिल पर St. Xavier Cambridge School के समीप छतरोली खड्ड में चिट्टा लेकर खड़ा है और इसे छतरोली व जसूर क्षेत्र में बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की और बताए गए हुलिये के युवक को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया।
पुलिस ने जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की मोटरसाइकिल (Splendor Plus - PB08CC-4706) की तलाशी ली, तो उसके डैशबोर्ड/शो के अंदर छिपाकर रखी गई एक पारदर्शी पॉलीथीन पुड़िया बरामद हुई।
जांच के दौरान उसमें चिट्टा/हैरोइन होने की पुष्टि हुई। डिजिटल तराजू से मापने पर बरामद चिट्टे का कुल वजन 16.02 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को तुरंत कब्जे में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय कुमार (28) पुत्र राज कुमार, निवासी गांव व डाकघर हरियाल, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपी के खिलाफ धारा 21, 25 ND&PS Act, 1985 के तहत एफआईआर संख्या 203/2026 दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।