ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला पुलिस नूरपुर ने उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को उद्घोषित अपराधी सरवन अली पुत्र रुस्तम अली (34 वर्ष) निवासी गांव जुगियाल, डाकघर शाहपुरकंडी, तहसील धारकलां, जिला पठानकोट (पंजाब) को पीओ सेल टीम द्वारा नाभा (ज़ीरकपुर) से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
उक्त अभियुक्त के विरुद्ध एफआईआर संख्या 343/2020 दिनांक 21-11-2020, अधीन धारा 451, 323, 504, 506 भा०द०सं०, पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज था और वह न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था । गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को पुलिस थाना नूरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 06 फरवरी 2026 को एक अन्य कार्रवाई में उद्घोषित अपराधी करन महाजन, पुत्र सुरेश कुमार निवासी वीपीओ दौरंगाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) को गांव दौरंगाला से पीओ सेल टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।
उक्त अभियुक्त के विरुद्ध एफआईआर संख्या 121/21, अधीन धारा 279, 337, 338 भा०द०सं० तथा 184, 187 मोटर वाहन अधिनियम, पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज था और वह न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा भविष्य में भी उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा।