आनी। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। रानाबाग-देऊरी मार्ग पर अचानक पहाड़ी दरकने से भारी-भरकम चट्टानें एक चलती कार पर आ गिरीं।
चट्टानों के भारी दबाव और धक्के के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे नीचे नाले में जा पलटी। इस हादसे में आनी के अमरबाग निवासी रामपुर के प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बृज लाल ठाकुर (60) और उनकी पत्नी सुनीता (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी भव्या (18) गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब पौने 11 बजे घटित हुआ। डॉक्टर बृज ठाकुर अपने परिवार के साथ आनी स्थित खुढीजल मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार रानाबाग-देऊरी मार्ग पर पहुंची, अचानक पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गाड़ी पर आ गिरीं। टक्कर इतनी तीव्र थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह गहरी खाई/नाले में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टर बृज और उनकी पत्नी की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसी बेटी को गंभीर हालत में बाहर निकाला। उसे तुरंत आनी स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इस दुखद हादसे की खबर फैलते ही आनी और रामपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सड़क हादसे पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि श्रीखंड अस्पताल के डॉक्टर बृज ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में दंपति की पुत्री के घायल होने की सूचना भी बेहद पीड़ादायक है। जयराम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा घायल पुत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।