ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला पुलिस नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई खास तौर पर रेलवे पुल और निजी भूमि को खतरा पहुंचाने वाले खनन माफिया के खिलाफ की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां की टीम ने रेलवे चक्की पुल के नीचे खड्ड क्षेत्र में छापेमारी के दौरान एक जेसीबी मशीन (JK14L-1178) और एक ट्रैक्टर (JK19A-7006) को अवैध खनन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
पुल के बिल्कुल नजदीक की जा रही खुदाई से उसके ढांचे को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर माइनिंग एक्ट के तहत चालान किया।
गौरतलब है कि पहले भी अवैध खनन के कारण बरसात के दौरान कंडवाल में रेलवे पुल को भारी नुकसान पहुंच चुका है, लेकिन इसके बावजूद खनन माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस ने गुहण क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए खड्ड में अवैध खनन कर रहे एक ट्रैक्टर (HP97A-4715) को पकड़ा और जब्त किया। वहीं, पुलिस पोस्ट सदवां की टीम ने शिकायत के आधार पर खड्ड के मुहाने पर छापा मारकर एक अन्य ट्रैक्टर (HP38J-2209) को अवैध खनन करते हुए पकड़ा। इस वाहन का भी चालान कर जब्त कर लिया गया है।
पूरे अभियान के दौरान कुल 4 चालान किए गए और सभी वाहनों को इम्पाउंड कर दिया गया। संबंधित मामलों को माननीय नूरपुर न्यायालय में भेज दिया गया है।
पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।