शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 28 जनवरी, 2026 की अपडेट के अनुसार 01 फरवरी 2026 को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी और राज्य के ऊंचे इलाकों में भारी बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।
28, 30, 31 जनवरी और 3 फरवरी 2026 को ऊंची पहाड़ियों पर छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी का अनुमान है। 2 फरवरी 2026 को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है।
29 जनवरी 2026 को राज्य में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। अगले 3-4 दिन में राज्य भर में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की प्रबल संभावना है। अगले 3-4 दिन में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का प्रबल अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी हुई और एक दो जगहों पर भारी बारिश/बर्फबारी देखी गई। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकांश स्टेशनों में तापमान 4 से 8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान भी गिरा है।
मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान बजौरा का 19.2 डिग्री रहा है। पिछले 24 घंटे में कुफरी, रिकांगपिओ, नारकंडा, मशोबरा, शिमला और सियोबाग में तेज हवाएं चली हैं। शिमला में ओलावृष्टि हुई है। कांगड़ा में शीत दिवस रहा है। ऊना, मंडी और मनाली में भीषण शीत दिवस रहा। कल्पा में कोहरा छाया रहा।
अपडेट के अनुसार जनवरी माह में 28 जनवरी तक प्रदेश में सामान्य से 29 फीसदी अधिक बारिश हुई है। चंबा और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में सामान्य से अधिक मेघ बरसे हैं।
ऊना में 165, सोलन में 133, हमीरपुर में 95, बिलासपुर में 92, सिरमौर में 81, मंडी में 71, कुल्लू में 49, लाहौल स्पीति में 46, कांगड़ा में 29, शिमला में 26 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। किन्नौर में 47 और चंबा में 11 फीसदी कम मेघ बरसे हैं।