शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में महिला कांस्टेबल के 243 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 6 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने महिला पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर विस्तृत विज्ञापन भी जारी कर दिया है। जारी विज्ञापन के अनुसार शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रहेगी।
सामान्य/ईडब्ल्यूएस/वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमैन वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1 जनवरी 2026 तक आयु 18 से 25 होगी चाहिए और लंबाई 5 फीट 2 इंच जरूरी है। एससी/एसटी/ एससीएसटी वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमैन के लिए आयु 18 से 27 और लंबाई 5 फीट होनी चाहिए। ओबीसी/वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमैन के लिए 18 से 27 वर्ष और लंबाई 5 फीट 2 इंच जरूरी है। होमगार्ड के लिए 20 से 28 वर्ष रखी गई है। होमगार्ड सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए लंबाई 5 फीट 2 इंच और एससी/एसटी/गोरखा के लिए 5 फीट जरूरी है।
भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में होगी। पहले फिजिक्ल टेस्ट, फिर लिखित परीक्षा, मूल्यांकन और दस्तावेज वेरिफिकेशन होगी। अंत में मेडिकल जांच होगी। मेरिट लिस्ट लिखित परीक्षा, पीएसटी और एनसीसी सर्टिफिकेट के अंकों के आधार पर बनाई जाएगी। लिखित परीक्षा 90 अंक की होगी। लंबाई के 6 अंक मिलेंगे और एनसीसी सर्टिफिकेट के 4 अंक दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
इसमें 800 मीटर दौड़ 3 मिनट 45 सेकंड में पूरी करनी होगी। हाई जंप 1.10 मीटर का होगा और तीन बार ही मौका मिलेगा। 100 मीटर रेस 17 सेकंड में पूरी करनी होगी। Broad Jump 3 मीटर का होगा और तीन मौके ही मिलेंगे। सभी अभ्यर्थियों के लिए 600 रुपए फीस लगेगी।
लिखित परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होगी। उम्मीदवार द्वारा गलत जवाब दिए जाने पर, उस सवाल के लिए तय किए गए अंकों का एक-चौथाई (0.25) हिस्सा पेनल्टी के तौर पर काट लिया जाएगा। अगर कोई उम्मीदवार एक से ज़्यादा जवाब देता है, तो उसे गलत जवाब माना जाएगा, भले ही दिए गए जवाबों में से कोई एक सही हो। ऐसे सवाल के लिए भी ऊपर बताई गई पेनल्टी ही लगेगी, यानी उस सवाल के लिए तय अंकों का एक-चौथाई (0.25) हिस्सा पेनल्टी के तौर पर काट लिया जाएगा।
अगर कोई सवाल खाली छोड़ दिया जाता है, यानी उम्मीदवार कोई भी गोला काला नहीं करता है, तो उस सवाल के लिए भी ऊपर बताई गई पेनल्टी ही लगेगी, यानी उस सवाल के लिए तय अंकों का एक-चौथाई (0.25) हिस्सा पेनल्टी के तौर पर काट लिया जाएगा।
अगर किसी सवाल के चार विकल्पों में से एक के बजाय दो सही जवाब हों, तो जिन उम्मीदवारों ने उन दो सही जवाबों में से किसी एक को भी काला किया होगा, उन्हें उस सवाल के लिए तय अंक दिए जाएंगे। अगर कोई उम्मीदवार नेगेटिव मार्किंग से बचने के लिए किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता है, तो उसे OMR आंसर शीट में ऑप्शन "E" को काला करना होगा।
कांस्टेबल के पद पर भर्ती के लिए उम्मीदवार तभी पात्र होगा/होगी, जब उसने हिमाचल प्रदेश में स्थित किसी संस्थान/स्कूल/बोर्ड से मैट्रिकुलेशन और +2 की परीक्षा पास की हो। बशर्ते कि यह शर्त वास्तविक हिमाचलियों (Bonafide Himachalis) पर लागू नहीं होगी। अधिक जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का विस्तृत विज्ञापन देखें।