चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक परिवार में भतीजी की शादी की खुशियां और जश्न का माहौल था, वहीं विदाई के कुछ ही घंटों बाद अचानक मातम पसर गया।
चंबा के सेरी नड्डल गांव में एक 34 वर्षीय युवक की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 34 वर्षीय जीवन कुमार के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र (गांव देवसल) का रहने वाला था। जीवन कुमार बीते 6 जुलाई को अपनी पत्नी और माता-पिता के साथ चंबा के सेरी नड्डल गांव आया था। यहाँ उसकी बहन पुष्पा देवी की बेटी (भतीजी) की शादी थी।
7 जुलाई को शादी के सभी रीति-रिवाज हंसी-खुशी संपन्न हुए और बेटी की विदाई भी हो गई। इसके बाद सभी लोग घर पर ही मौजूद थे और शादी की थकान मिटा रहे थे।
घटना शाम के समय की है, जब जीवन कुमार के पिता केहर सिंह ने उसे फोन किया। बार-बार घंटी बजने के बाद भी जब जीवन ने कॉल रिसीव नहीं की, तो पिता और अन्य परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसे ढूंढते हुए जब घर से बाहर निकले, तो सड़क के किनारे जमीन पर किसी चीज के घिसटने के निशान दिखाई दिए।
शंका होने पर जब परिजनों ने नीचे गहरी खाई की तरफ झांका, तो वहां एक चप्पल दिखाई दी। अनहोनी की आशंका के चलते जब लोग करीब 100 मीटर गहरी खाई में नीचे उतरे, तो वहां जीवन कुमार लहुलूहान और अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।
खुशियों के बीच अचानक पसरा सन्नाटा: जिस घर से कुछ घंटों पहले बेटी की डोली उठी थी, वहां से अचानक इस तरह की खबर आने के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
परिजन और स्थानीय लोग तुरंत जीवन कुमार को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंबा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया है। चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है और पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।