शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब 14 और 15 मई, 2026 को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
प्रदेश में कुल 31182 पदों पर चयन होगा है। इसमें प्रधान और उपप्रधान के 3754-3754 पद, सदस्य ग्राम पंचायत के 21654, सदस्य पंचायत समिति के 1769 और सदस्य जिला परिषद के 251 पद शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल की मतदाता सूची के अनुसार 5079048 मतदाता हैं। इनमें 25,67,770 पुरुष और 25,11,249 महिलाएं हैं। साथ ही 29 अन्य मतदाता हैं। 18 वर्ष की आयु के 52349 मतदाता हैं, जोकि प्रथम बार मतदान करेंगे। इसमें 28581 युवक और 23768 युवतियां हैं। मतगणना केंद्रों पर मतपत्रों की गणना की वीडियोग्राफी की जाएगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतगणना केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने DPMIS एप्लीकेशन विकसित की है। इस एप्लीकेशन से कोई भी व्यक्ति किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थी की नामांकन, छंटनी, नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह की जानकारी ले सकते हैं।
साथ ही अचल संपत्ति, दायित्वों और आपराधिक पृष्ठभूमि का ब्यौरा DPMIS पर देखा जा सकता है। एप्लीकेशन राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट sechimachal.hp.gov.in पर देख सकते हैं।