धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने D.El.Ed. कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET)-2026 के बहुप्रतीक्षित परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष 2,835 अभ्यर्थियों ने ये परीक्षा पास की है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सफल हुए सभी भावी शिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत बताया है।
डॉ. शर्मा ने परीक्षा के आंकड़ों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून, 2026 को प्रदेश भर के 67 परीक्षा केंद्रों पर इस प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया था। इस परीक्षा के लिए कुल 9,984 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,096 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 888 अनुपस्थित रहे।
बोर्ड ने पूरी चयन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए पहले जारी की गई अस्थायी उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) पर आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा इन आपत्तियों का गहन परीक्षण करने के बाद ही अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर यह परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है।
अब सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश के अगले चरण की शुरुआत होगी। सत्र 2026-2028 में प्रवेश के लिए सीट आवंटन, मेरिट सूची और काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (www.hpbose.org) पर जारी किया जाएगा।
वहीं, 'Distinguished Sports Persons' श्रेणी के तहत सफल हुए अभ्यर्थियों को बोर्ड ने विशेष निर्देश दिए हैं। इन अभ्यर्थियों के खेल प्रमाणपत्रों का सत्यापन और काउंसलिंग 5 और 6 अगस्त, 2026 को सुबह 10:30 बजे से धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। संबंधित अभ्यर्थियों को तय तिथि पर अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई सूचनाओं का ही अनुसरण करें। अभ्यर्थी अपना परिणाम वेबसाइट पर देख सकते हैं और किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।