प्रागपुर। कांगड़ा जिला के जसवां प्रागपुर विधानसभा के प्रागपुर क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रोजेक्ट लाने के लिए सुखविंदर सुक्खू की सरकार ने धरातल पर कार्य करना शुरू कर दिया है। हिमकोफेड के चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की ने पत्रकारों से जानकारी सांझा करते हुए बताया कि प्रागपुर के नक्की क्षेत्र के समीप लगभग 332 कनाल भूमि को शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित के लिए सरकार द्वारा अधिकारियों को आदेश दिए जा चुके हैं।
उक्त भूमि शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित होगी। भूमि ट्रांसफर होने के बाद क्षेत्र में बीएमएस नर्सिंग कॉलेज जिसमे 100 बेड का बहुतकनीकी हॉस्पिटल, एलएलबी कोर्सस क्लास, गेमिंग सेंटर, गुरुकुल शिक्षा जैसे अन्य उच्च स्तरीय कोर्स इस कैंपस में शुरू होंगे। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शुमार केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा इसका संचालन किया जाएगा।
वहीं, चेयरमैन विक्रम शर्मा ने बताया कि गत दिवस विश्वविधालय कुलपति ओर कुलसचिव से मिलकर क्षेत्र में इसको कैसे शीघ्र स्थापित किया जा सके इस पर बैठक कर चुके हैं। प्रदेश की सरकार इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रयासरत है।
सुखविंदर सुक्खू के ससुराल पक्ष के लिए शीघ्र ही विकास का एक और मील का पत्थर रखा जाएगा, जिससे प्रागपुर क्षेत्र के आसपास के तकरीबन 40 गांवों के लोगो की आर्थिक स्तिथि सुदृढ़ होगी। वहीं, स्वास्थ्य और शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ये एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस पूर्व महासचिव मनोज शर्मा मौजूद रहे।