पालमपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित नागरिक अस्पताल पालमपुर में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने 24 अंगुलियों वाले बच्चे को जन्म दिया है। नवजात के दोनों हाथों में छह-छह और दोनों पैरों में भी छह-छह अंगुलियां हैं। इस अनोखे बच्चे के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल स्टाफ, परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच यह कौतूहल और चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, तहसील पालमपुर के गांव मनियासा (डाकघर पाहड़ा) निवासी नुरियां खान की पत्नी रूपा को मंगलवार रात प्रसव पीड़ा होने पर नागरिक अस्पताल पालमपुर में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की देखरेख में महिला का सुरक्षित और (Normal Delivery) हुई। जन्म के बाद जब परिजनों और डॉक्टरों ने बच्चे को देखा तो उसके दोनों हाथों और पैरों में कुल 24 उंगलियां पाई गईं।
नागरिक अस्पताल पालमपुर के एम.एस. डॉ. तिलक बागड़ा ने बताया कि महिला का सामान्य प्रसव हुआ है। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर के किसी अंग में सामान्य से अधिक अंगुलियों का होना चिकित्सकीय भाषा में 'पॉलीडैक्टिली' (Polydactyly) कहलाता है।
यह एक आनुवंशिक या जन्मजात स्थिति (Congenital Condition) होती है, जो गर्भ में शिशु के विकास के दौरान हाथ या पैर में अतिरिक्त अंगुलियां बनने से होती है। यह अतिरिक्त उंगली पूरी तरह विकसित हड्डी के साथ हो सकती है या केवल त्वचा और ऊतकों का एक हिस्सा हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्वास्थ्य के लिहाज से यह कोई गंभीर बीमारी नहीं है और बच्चा पूरी तरह सामान्य जीवन जी सकता है।