चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मैहला के समीप मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन (थार) पर अचानक एक बड़ा भारी पत्थर गिर गया।
इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी के सनरूफ को तोड़ते हुए पत्थर सीधे अंदर जा गिरा, जिससे वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान माखन सिंह (40), पुत्र शरवन सिंह, निवासी गांव मलियां, तहसील गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार और साथ चल रहे साथी श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई है।