सुजानपुर। एक हल्की सी लापरवाही और पलक झपकते ही जिंदगी पर मंडराने लगा मौत का भयानक साया .... हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला स्थित सुजानपुर क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक खुशनुमा लम्हे को कैमरे में कैद करने की कोशिश अचानक चीख-पुकार और बदहवासी में बदल गई।
खूबसूरत पहाड़ी के मुहाने पर खड़ी होकर सेल्फी ले रही एक युवती का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खतरनाक ढलान पर नीचे की ओर फिसलती चली गई।
फिसलने के दौरान किस्मत ने युवती का साथ दिया और वह ढलान के मध्य एक संकरे व खतरनाक स्थान पर अटक गई। नीचे गर्जना करती नदी बह रही थी, जिसमें गिरने का मतलब सीधा काल के गाल में समा जाना था। गनीमत यह रही कि युवती पहाड़ी के बीच ही रुक गई और एक भीषण त्रासदी होने से टल गई।
घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए और हर तरफ हड़कंप मच गया। परिस्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने बिना एक पल गंवाए मोर्चा संभाला। अपनी जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों ने ढलान पर उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित ऊपर खींच निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती जरा सा भी और नीचे खिसकती तो सीधे तेज बहाव में जा गिरती। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों तथा युवाओं से सख्त अपील की है कि वे नदी-नालों, ढांक और खतरनाक चट्टानों के किनारे जाकर सेल्फी लेने या रील बनाने का जोखिम न उठाएं।