चंबा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब चंबा जिला में निजी बस के पलटने से सात लोगों की जान चली गई है। हादसे में 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुआ है।
बता दें कि निजी शर्मा बस चंबा से बैरागढ़ के लिए जा रही थी। चालुज मोड़ के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से लुढ़क कर नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे का पता चलते ही मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और राहत व बचाव कार्य चलाया।
स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में 20 से 25 लोग सवार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बस हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।
जगदेव (50) पुत्र श्री धर्म सिंह गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा, देस राज (35) पुत्र त्रिलोचन गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चंबा, तेज सिंह (39) पुत्र प्यारे लाल गांव सत्यास डाकघर तरेला तहसील चुराह जिला चंबा (कंडक्टर), जगदेई (24) पुत्री हरि लाल गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चंबा, हरदेई (43) पत्नी जगदेव गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चंबा, नीलम (34) पत्नी मोती सिंह गांव देवीकोठी तहसील चुराह जिला चंबा और रूप सिंह (35) पुत्र राधा राम गांव चिल्ली डाकघर थल्ली तहसील चुराह जिला चंबा (ड्राइवर) की हादसे में जान गई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस बस दुर्घटना में घायल 11 लोग उपचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की हैं।
उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।