हिमाचल में बहुत भारी बर्फबारी और बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी
ewn24news choice of himachal 18 Feb,2024 10:59 pm
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं हवाएं
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। राजधानी शिमला में सुबह से बादल छाए हुए हैं, वहीं रोहतांग दर्रा, कोकसर, सिस्सू सहित लाहौल की अन्य ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पहले 19 और 20 फरवरी को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की आज यानी रविवार की अपडेट के अनुसार अब पश्चिमी विक्षोभ की ज्यादा सक्रियता को देखते हुए 19 फरवरी को ऊंचाई वाले स्थानों पर बहुत भारी बर्फबारी के साथ निचले व मध्यवर्ती इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
वहीं, गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
20 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश में 22 फरवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।