धामला। सिरमौर की उप तहसील पझौता में रविवार को एक दिवसीय दिव्यांग सहायक यंत्र वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस चंदोल में किया गया। यहां 49 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक यंत्र बांटे गए।
इनमें 25 व्हील चेयर, चार ट्राय साइकिल एक इलेक्ट्रिक साइकिल, एक कृत्रिम टांग, 11 सहायक छड़ी, 18 श्रवण यंत्र, आठ बैसाखी इत्यादि कुल 73 दिव्यांग सहायक यंत्र वितरित किए गए।
इन दिव्यांग सहायक यंत्रों की कीमत लगभग 10 लाख रुपए है। यह शिविर यूथ मीडिया क्लब धामला (पझौता) के प्रयासों व जिला कल्याण अधिकारी के सौजन्य से लगाया गया।
बता दें 7 दिसंबर, 2023 को दिव्यांगों की जांच एलिम्को द्वारा की गई थी। उसमें 49 लाभार्थियों को दस्तावेज अनुसार पात्र पाया गया था। यह जांच एसडीएम राजगढ़ की अगुवाई में पूरी की गई थी। रविवार को नायब तहसीलदार पझौता प्रकाश चंद की अगुवाई में वितरण समारोह का समापन किया गया।
यूथ मीडिया क्लब के अध्यक्ष संदीप कश्यप ने बताया कि यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार इस तरह के उपकरण दिव्यांग जनों को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा व तहसील कल्याण अधिकारी गोविंद शर्मा का धन्यवाद किया जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफल रहा व नायब तहसीलदार पझौता, ग्राम पंचायत उप प्रधान चंदौल का भी आभार व्यक्त किया।
संदीप कश्यप ने बताया कि इस शिविर में सुनील ठाकुर निवासी धामला ने भोजन की व्यवस्था की थी। साथ ही उन्होंने इस शिविर में नवयुवक मंडल कालबाग ग्राम पंचायत देवठी मझगांव व राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई राजकीय महाविद्यालय पझौता के वॉलंटियर व प्राचार्य प्रकाश शर्मा का धन्यवाद किया जिन्होंने इस शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।