कांगड़ा। कांगड़ा जिला के शक्तिपीठ श्री चामुंडा देवी से वृंदावन धाम के लिए शुरू हुई एचआरटीसी की एसी बस पर पहले दिन ही पथराव की घटना सामने आई है। इससे बस का अगला शीशा टूटा है। शीशे को काफी नुकसान पहुंचा है और शीशे में दो बड़े छेद भी हो गए हैं।
बता दें कि हिमाचल की पहली एसी बस वृंदावन धाम के लिए श्री चामुंडा देवी से नगरोटा बगवां डिपो की शुरू हुई है। बुधवार को कांगड़ा बस अड्डे पर हिमाचल पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक और नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
ऊना से बस पंजाब में प्रवेश हुई तो नंगल से थोड़ा आगे भानुपल्ली में रात करीब 11 बजे अज्ञात बाइक सवार युवकों ने बस पर पत्थर मारे। युवकों ने पहले से पत्थर अपने हाथ में लिए हुए थे, जैसे ही बस उनके पास पहुंची को उन्होंने पत्थर बस के शीशे पर मार दिए। एक पत्थर बस का आगे का शीशा तोड़ते हुए बस के अंदर जा गिरा।
बस के शीशे में छेद हो गए और कांच के टुकड़े बस में फैल गए। गनीमत यह रही कि किसी को चोट नहीं लगी। बस चालक भी बाल-बाल बचा। चालक ने बस को सड़क के किनारे रोक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
चालक और परिचालक द्वारा निगम अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद बस वृंदावन धाम के लिए रवाना हो गई। पहले दिन बस में करीब दस लोग कांगड़ा से वृंदावन धाम के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि एचआरटीसी की यह हिमधारा बस वाया बगलामुखी, देहरा, चंडीगढ़, दिल्ली से होकर वृंदावन पहुंचेगी। यात्रियों के लिए एचआरटीसी के पोर्टल से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
समय सारिणी की बात करें तो बस श्री चामुंडा जी से वृंदावन के लिए शाम 3:20 पर चलेगी। नगरोटा बगवां से 3:50 पर चलेगी। कांगड़ा से 4:40 पर चलेगी। देहरा में 6:00 बजे पहुंचेगी और 6:10 पर रवाना होगी। अंब से 7:20 और चंडीगढ़ से रात 11:00 बजे निकलेगी, दिल्ली से सुबह 4:00 बजे रवाना होकर सुबह 8:45 पर वृंदावन पहुंचेगी।
वापसी में वृंदावन से श्री चामुंडा देवी के लिए बस शाम 4:00 बजे चलेगी। दिल्ली से 9:00 बजे और चंडीगढ़ से रात 2:00 बजे रवाना होगी। ऊना से सुबह 5:00 बजे, अंब से 6:00 बजे, देहरा से 7:10 पर चलेगी। कांगड़ा से 8:40 और नगरोटा बगवां से 9:20 पर रवाना होगी वहीं 9:50 पर श्री चामुंडा जी पहुंचेगी।
किराए की बात करें तो चामुंडा से वृंदावन के लिए 1216 रुपए, नगरोटा बगवां से वृंदावन के लिए 1195 लगेंगे। कांगड़ा से वृंदावन 1147, देहरा से वृंदावन 1044, ऊना से वृंदावन 898, नंगल से 863, चंडीगढ़ से 652 और दिल्ली से वृंदावन के 235 रुपए किराया लगेगा।