ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला की नूरपुर यूथ अगेंस्ट ड्रग्स संस्था अब स्कूलों में नशे के खिलाफ अभियान चलाएगी। है। संस्था ने सभी पंचायतों के स्कूलों तक इस अभियान को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
संस्था के अध्यक्ष रवि मेहरा ने जसूर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बच्चों को नशे से बचाने और खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत हर स्कूल में जाकर नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
रवि मेहरा ने बताया कि संस्था 2019 से सक्रिय है। पिछले पांच वर्ष से नशे के खिलाफ लगातार काम कर रही है। हर साल कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। अब तक नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की 51 पंचायतों में से 30 स्कूलों को कवर किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों के अध्यापकों को भी इस मुहिम में शामिल किया जाएगा। स्कूलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई दोषी पाया गया तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी। संस्था क्षेत्र की हर पंचायत में जाकर लोगों को भी इस अभियान से जोड़ेगी।
रवि मेहरा ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की। कहा कि नूरपुर क्षेत्र में नशा तस्करों की धरपकड़ लगातार हो रही है। संस्था प्रशासन की इस मुहिम को और मजबूत करने के लिए सहयोग देगी।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल में भी संस्था की युवा टीम ने बेहतर कार्य किया था। अब संस्था नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम छेड़ने जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों की ओर आकर्षित करना संस्था का मुख्य उद्देश्य रहेगा।
इस मौके पर संस्था के प्रिंस, कमल, शुभम, पंकज, दीक्षित और अनिकेत चौधरी भी मौजूद रहे।