सीएम सुक्खू ने दौरा रद्द कर पांगी भेजा हेलीकॉप्टर, एयरलिफ्ट किया गंभीर मरीज
ewn24news choice of himachal 15 Feb,2023 12:52 am
चंबा में बर्फबारी के चलते बंद पड़े हैं कई सड़क मार्ग
चंबा। जिला चंबा के पांगी में भारी बर्फबारी से सड़कें ठप पड़ी हुई हैं। इसी बीच किलाड़ से एक गंभीर मरीज को आपातकाल की स्थिति में इलाज के लिए पांगी से एयरलिफ्ट कर कांगड़ा जिला के टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना दौरा रद्द कर हेलीकॉप्टर को मरीज को एयरलिफ्ट करने के लिए पांगी भेजा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को जैसे ही सूचना प्राप्त हुई कि चंबा जिला के पांगी स्थित किलाड़ में एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की स्थिति बहुत गंभीर है और उसे तुरंत विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता है, लेकिन पांगी में भारी बर्फबारी के कारण उसे सड़क के रास्ते अस्पताल पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा है। आपात स्थिति में मरीज को हेलिकॉप्टर से ही टांडा अस्पताल में पहुंचाया जा सकता था।
मुख्यमंत्री ने उसी समय अन्य क्षेत्र के लिए प्रस्तावित अपना सरकारी प्रवास रद्द कर हेलीकॉप्टर किलाड़ भिजवाया और मरीज को एयरलिफ्ट कर डॉ. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीज को सही समय पर उपचार उपलब्ध करवाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा मरीज के एयरलिफ्ट होने से लेकर टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में दाखिल होने तक चंबा व कांगड़ा जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में रहे।
मरीज के भाई प्रीतम लाल ने मानवीय संवेदनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय रहते उनके भाई को एयरलिफ्ट नहीं किया जाता, तो उनकी जान के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल प्रशासन को मरीज को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।