धर्मशाला। हिमाचल के 95,495 छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है।
परीक्षा परिणाम 79.8 फीसदी रहा है। मेरिट में पहले स्थान पर 117 छात्रों ने जगह बनाई है। इनमें 88 छात्राएं और 29 छात्र हैं।
मेरिट में पहले और दूसरे स्थान पर एक-एक छात्रा है। तीसरे पर दो, चौथे पर 3, पांचवें पर 10, छठे पर 9 और 7वें पर 15 छात्र हैं। 8 और 9 वें स्थान पर 22-22 और 10वें स्थान पर 32 छात्र हैं।
मेरिट में सरकारी स्कूलों के 20 और निजी स्कूलों के 97 छात्र हैं। मेरिट में टॉप पर कांगड़ा जिला का कब्जा रहा है। न्यूगल मोडल पब्लिक स्कूल भवारना जिला कांगड़ा की साइना ठाकुर पुत्री संदीप कुमार टॉपर रही हैं। उन्होंने 99.43 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
आरके सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं बिलासपुर की रिद्धिमा शर्मा पुत्री नरेश कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। रिद्धिमा ने 99.29 फीसदी अंक हासिल किए हैं। रिद्धिमा टिहरा लदरौर तहसील घुमारवीं जिला हमीरपुर की निवासी हैं।
मोर्डन पब्लिक स्कूल स्वारघाट सोलन की मुदिता शर्मा पुत्री पंकज शर्मा और मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं बिलासपुर की प्रियंका शर्मा तीसरे स्थान पर रही हैं। इन्होंने 99.14 फीसदी अंक हासिल किए। मुदिता गुज्जर हट्टी नालागढ़ और प्रियंका शर्मा सुंदरू झंडूता बिलासपुर की निवासी हैं।