ऋषि महाजन/नूरपुर। विधानसभा क्षेत्र नूरपुर में मंगलवार को ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।
इस अभियान का शुभारंभ बैजनाथ के विधायक और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के जिला कांगड़ा प्रभारी किशोरी लालतथा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के ऑब्जर्वर शांतनु चौहान ने किया। कार्यक्रम के दौरान नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन ने बैनर पर हस्ताक्षर कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर किशोरी लाल ने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी कर सत्ता हथियाई है, और जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, उन्हें अस्थिर करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी पिछले वर्ष भाजपा ने वही प्रयास दोहराया, लेकिन जनता के सहयोग से वह असफल रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठा चुके हैं और अब पार्टी इसे गांव-गांव, बूथ-बूथ तक पहुंचाने का अभियान चला रही है, ताकि मतदाताओं को जागरूक किया जा सके।
किशोरी लाल ने आगे कहा कि मतदाता सूची तैयार करने का कार्य करने वाले अधिकतर लोग भाजपा विचारधारा से प्रभावित होते हैं, जिसके चलते कांग्रेस समर्थकों के वोट काटे जाते हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सतर्क और सक्रिय करने की रणनीति बनाई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एकत्र किए गए सभी हस्ताक्षर शिमला में जमा कर राष्ट्रपति तक भेजे जाएंगे, ताकि लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज बुलंद की जा सके।
इस मौके पर शांतनु चौहान ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने पर तुली हुई है, जिसके विरोध में यह हस्ताक्षर अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज संसद में मजबूती से उठा रहे हैं, जबकि भाजपा उन आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाताओं को लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट करने का प्रयास है, ताकि संविधान की मर्यादा और जनता के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
ps://