रेखा चंदेल/झंडूता। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला की तहसील झंडूता के तहत गांव भल्लू, पटवार सर्कल बडगांव में हुए भूस्खलन हादसे में अब तक 16 लोग जान गंवा चुके हैं। हादसे में एक बच्चा लापता था जो कि मिल गया है। डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने यह जानकारी दी है।
बता दें कि ये दर्दनाक घटना 7 अक्टूबर शाम लगभग 6:40 बजे हुई थी। हादसा मरोटन-घुमारवीं मार्ग पर चल रही एक निजी बस (पंजीकरण संख्या HP69-5761) के साथ हुआ था। प्राप्त पुष्ट जानकारी के अनुसार बस में सवार कुल 16 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जिनमें 9 पुरुष, 4 महिलाएं और 3 बालक शामिल हैं।
हादसे में आरुषि (10) पुत्री राज कुमार गांव फागोग और शौर्य (08) पुत्र राज कुमार गांव फागोग, झंडूता घायल हुए हैं। दोनों को एम्स बिलासपुर में प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार सुबह 4:30 बजे छुट्टी दे दी गई। उनके पिता उन्हें अपने साथ घर ले गए हैं।
राहत एवं बचाव कार्य जो रात लगभग 2:30 बजे वर्षा और लगातार मलबा गिरने के कारण रोक दिए गए थे, बुधवार सुबह 6:40 बजे पुनः आरंभ कर दिए गए। एडीसी बिलासपुर, एसपी बिलासपुर और एसडीएम झंडूता मौके पर मौजूद हैं और एनडीआरएफ, क्यूआरटी व होम गार्ड की टीमों के साथ राहत, बचाव और पुनर्प्राप्ति कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
सभी 16 मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी बरठीं में किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर द्वारा अतिरिक्त चिकित्सकों को तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सुबह 7:00 बजे प्रारंभ हुई थी, जो लगभग 10:30 बजे तक पूरी होने की संभावना है।
सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रत्येक मृतक के परिजन को तत्काल राहत (फौरी राहत) के रूप में 25,000 रूपए की राशि प्रदान की गई है। आपदा राहत निधि (SDRF) के प्रावधानों के तहत आगे की सहायता प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताया है साथ ही बताया कि प्रदेश सरकार ने तय किया है कि वह मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
1. सरीफ खान(25) पुत्र स्व. डेले राम, वीपीओ मलांगण, तहसील झंडूता।
2. रजनीश कुमार (36) पुत्र स्व. मेहर सिंह, ग्राम बराड़, तहसील झंडूता।
3. चुन्नी लाल (52) पुत्र स्व. अमर सिंह, ग्राम बराड़, तहसील झंडूता।
4. राजीव उर्फ सोनू (40) पुत्र स्व. धर्म सिंह, ग्राम कच्युत, तहसील घुमारवीं।
5. बख्शी राम (42) पुत्र स्व. गरका राम, गांव भल्लू, तहसील झंडूता।
6. नरेंद्र शर्मा (52) पुत्र स्व. चरणजी लाल, वीपीओ छत, तहसील घुमारवीं।
7. कृष्ण लाल (30 पुत्र स्व. रतन सिंह, ग्राम थापना नारली, तहसील श्री नैना देवी जी।
8. नक्ष (7) पुत्र विपिन कुमार, गांव फागोग, तहसील झंडूता।
9.प्रवीण कुमार (40) पुत्र कृष्ण चंद, गांव डोहाग, उपतहसील कलोल।
10. अंजना देवी (29) पत्नी स्व. विपिन कुमार, गांव फागोग, तहसील झंडूता।
11. आरव (4) पुत्र विपिन कुमार, गांव फागोग, तहसील झंडूता।
12. कांता देवी (51) पत्नी स्व. अमर सिंह, ग्राम शियोथा, तहसील घुमारवीं।
13. कुमारी विमला देवी (35) पत्नी संजीव कुमार, गांव फुंदन, तहसील बड़सर।
14. कमलेश (36 वर्ष) पत्नी राज कुमार, गांव फागोग, तहसील झंडूता।
15. संजीव कुमार (35) पुत्र स्व. बलबीर गांव, फुंदन, बड़सर।
16. राहुल (7) पुत्र स्व. मिंटू कुमार, ग्राम बामटा, तहसील सदर बिलासपुर।