मझीण। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझीण में बुधवार को सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का समापन हो गया। एनएसएस के स्वंयसेवियों ने इस अवसर पहाड़ी नाटी से जहां कार्यक्रम का समा बांधा तो वहीं अन्य छात्रों ने नाटक से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
कोमल राणा व सहेलियों ने धोबण पाणी ऐ जो चली ओ ...लोक गीत पर प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। एनएसएस के प्रोगराम कोऑर्डिनेटर रमेश जम्वाल ने सात दिन तक चले इस कैंप की तमाम गतिविधियों से सभी को अवगत करवाया। इकबाल सिंह नायब तहसीलदार सब तहसील मझीण ने समापन कार्यक्रम में मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शिविर 8 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया गया। इस शिविर में विद्यालय के कुल 59 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। इनमें 33 छात्राएँ एवं 26 छात्र शामिल रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों की सक्रिय सहभागिता, अनुशासन एवं समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं तथा उन्हें एक जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, टीबी मुक्त समाज, सामाजिक जागरूकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना रहा।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं जन-जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की योग्यता, सहयोग तथा सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित हुई। सात दिवसीय शिविर ने स्वयंसेवियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि इकबाल सिंह ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों को समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
एसएमसी प्रधान राम गोपाल ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज के साथ जोड़ने तथा उनमें नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रमेश जम्बाल एवं नूतन ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सात दिनों तक स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसएमसी प्रधान राम गोपाल, कानूनगो सब तहसील मझीण के. डी. खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित ऑब्जर्वर अश्विनी कुमार, नीरज शर्मा, सुदर्शन मोहन, डॉ. सतीश एवं निर्मला जसवाल भी उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने समारोह में भाग लिया।