ऋषि महाजन/नूरपुर। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब नूरपुर ने सोमवार को सिविल अस्पताल नूरपुर में कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया। क्लब की ओर से चिकित्सकों को प्रशंसा स्वरूप उपहार भेंट कर उनके समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर डॉ. अनुपमा शर्मा, डॉ. सतीश पॉल, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. सनी, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. आकृति, डॉ. दीक्षा, डॉ. रुहानी, डॉ. शिवम तथा डॉ. प्रीति को सम्मानित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा कर समाज के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान क्लब ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए डायलिसिस करा रहे एक जरूरतमंद मरीज को फल और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
सम्मान समारोह में क्लब की अध्यक्ष रजता महाजन, उपाध्यक्ष सुरुचि महाजन, सचिव सुदेश राणा, कोषाध्यक्ष राधा सूधन, संपादक विशाली खुराना, चार्टर अध्यक्ष सोनिया महाजन, शालू महाजन, शगुन गुप्ता, सुमन गुलेरिया, स्नेह शर्मा, सीमा ओहरी तथा दीपिका सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन केक काटकर और हाई टी के साथ किया गया। इस दौरान चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वास्थ्य सेवाओं में अमूल्य योगदान की सराहना की गई।