कांगड़ा। जिला कांगड़ा के थुरल में हलूं गांव का बेटा अग्निवीर नवीन कुमार जम्मू-कश्मीर के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान जान गंवा बैठा।
भारतीय सेना में अग्निवीर नवीन कुमार (25) की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हुई है। नवीन जम्मू-कश्मीर राइफल्स में तैनात थे। 20 मई की आधी रात को इस हादसे का शिकार हो गए।
नवीन कुमार अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और अभी तक अविवाहित थे। उनकी बहन शिवानी की शादी हो चुकी है। नवीन के पिता स्वर्गीय राजमल भी भारतीय सेना में 13 जैक राइफल्स में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और पांच साल पहले ही उनका देहांत हुआ है।
नवीन के परिवार में उनकी माता अजुध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी, चाचा अशोक कुमार, चाची मंजू देवी हैं। नवीन की शहादत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव मातम पसर गया है।
नवीन कुमार का पार्थिव शरीर पैतृक गांव हलूं पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नवीन कुमार की मौत पर शोक जताते हुए कहा, "कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान भूस्खलन की चपेट में आकर कांगड़ा ज़िले के हलूं गांव निवासी अग्निवीर नवीन कुमार जी के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है।
देश की सेवा में उनके अविस्मरणीय योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। मेरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। "