राकेश चंदेल/बिलासपुर। उज्बेकिस्तान में आयोजित विश्व युवा सवाते चैंपियनशिप-2025 में हिमाचल के खिलाड़ियों वरुण वालिया और होमानी ठाकुर ने प्रदेश का नाम रोशन किया है।
भारतीय मुक्केबाज वरुण वालिया ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वरुण इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय सवाते खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल भारत का नाम रोशन किया बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के मुक्केबाजों की ताकत भी दर्शाई।
वहीं, 52 किलोग्राम भारवर्ग में सराज विधानसभा क्षेत्र के शिकावरी गांव, तहसील थुनाग की होमानी ठाकुर ने भी शानदार प्रदर्शन किया और देश की गरिमा को ऊंचा किया। उन्होंने अपनी कुशलता और संघर्षशीलता से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इन दोनों खिलाड़ियों का वापस लौटने के बाद मंडी जिला बल्ह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक इंद्र सिंह गांधी भी मौजूद रहे और दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं व सम्मानित भी किया।
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मलवाना गांव से संबंध रखने वाले वरुण ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में दो जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। टीम इंडिया की यह विश्व युवा सवाते चैंपियनशिप में पहली भागीदारी थी, जिसमें वरुण ने अपने दमदार प्रदर्शन से भारत को पहली बार पोडियम पर पहुंचाया।
सवाते एसोसिएशन इंडिया के तकनीकी निदेशक नवजोत भरजोत ने इस मौके पर कहा कि हमारे मुक्केबाजों को वैश्विक मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करते देखना गर्व की बात है। यह हमारी टीम के लिए एक नया और ऐतिहासिक अध्याय है।
वरुण के प्रदर्शन की खास बात यह रही कि उन्होंने सबसे कठिन माने जाने वाले भार वर्ग में प्रतियोगिता की। उन्होंने आत्मविश्वास और साहस के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया और चैंपियन की तरह दबाव को झेला। टेक्निकल टीम की मानें तो वे निश्चित रूप से भारतीय दल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता रहे।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे मंडी जिला सवाते संघ के कोच पंकज कुमार, राष्ट्रीय कोच संतोषी शर्मा और सवाते संघ हिमाचल प्रदेश के महासचिव का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।
हालांकि गोल्ड पोडियम पर राष्ट्रगान सुनने का सपना अभी अधूरा है, मगर भारतीय सवाते टीम उस दिशा में तेजी से अग्रसर है। वरुण और होमानी जैसे होनहार खिलाड़ियों ने यह जता दिया है कि भारत का भविष्य सवाते खेल में उज्जवल है।