हरिपुर। रोजमेरी पब्लिक स्कूल हरिपुर की होनहार छात्रा हर्षणी (Harshani) ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रतिष्ठित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (टांडा मेडिकल कॉलेज) में MBBS की सीट हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अमित कुमार की पुत्री हर्षणी की इस शानदार सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि विद्यालय और पूरे इलाके में गर्व की लहर दौड़ गई है। हर्षणी की इस बड़ी उपलब्धि पर रोज़मेरी पब्लिक स्कूल प्रबंधन और समस्त शिक्षकगण ने उन्हें तथा उनके माता-पिता को बधाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने हर्षणी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। सही दिशा में निरंतर प्रयास, अनुशासन और लगन ही सफलता की कुंजी हैं। हर्षणी ने यह साबित कर दिखाया है कि अगर सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का इरादा मजबूत, तो सफलता जरूर मिलती है।
रोज़मेरी पब्लिक स्कूल हरिपुर को अपनी इस प्रतिभाशाली छात्रा पर बेहद गर्व है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि हर्षणी की यह सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।