रेखा चंदेल/झंडूता। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के घुमारवीं के दकड़ी चौक में सार्वजनिक शौचालय या कोई दफ्तर है। इसको लेकर लोग असमंजस में हैं।
शौचालय सुबह 9 बजे खुलता है और शाम 5 बजे बंद हो जाता है। यही नहीं संडे को शौचालय पर ताला लगा रहता है। इससे यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि नगर परिषद इस शौचालय को सरकारी कार्यालय की तरह चलाती है, जो केवल दफ्तर के समय में खुला रहता है, जबकि शौचालय की जरूरत 24 घंटे होती है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शौचालय को 24 घंटे खुला रखा जाए और नियमित सफाई कर्मचारी तैनात किया जाए।
वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने बताया कि शौचालय में नियमित कर्मचारी तैनात है और अगर कोई समस्या है तो जांच की जाएगी और शौचालय को 24 घंटे खोलने की व्यवस्था की जाएगी।