हिमाचल की पहली महिला निजी बस चालक बनी नैंसी, सवारियों से भरी बस चलाई
ewn24news choice of himachal 09 May,2024 10:46 pm
एचआरटीसी हमीरपुर में लिया है प्रशिक्षण
हमीरपुर। आज के समय में लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। पुराने रूढ़िवादी बंधनों को तोड़कर सफलता के नए आयाम हासिल कर रही हैं। रोजगार के मामले में भी लड़कियां अब हर उस क्षेत्र में पहुंच गई हैं जहां केवल पुरुषों का वर्चस्व हुआ करता था। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की बेटी नैंसी ने भी कुछ ऐसा ही किया है।
हमीरपुर की ग्राम पंचायत कश्मीर की बेटी नैंसी हिमाचल की पहली महिला निजी बस चालक बन गई हैं। नैंसी ने गुरुवार से निजी बस सर्विस आरटीसी में बतौर चालक सेवाएं देना शुरू कर दी हैं।
पहले दिन नैंसी ने गलोड़ रूट पर सेवाएं दीं। हमीरपुर बस अड्डे पर पहुंचते ही बस प्रबंधक विजय ने टोपी व पुष्प के साथ नैंसी का स्वागत किया। हौसला अफजाई के लिए ने नैंसी ने सभी का आभार जताया।
नैंसी ने एचआरटीसी हमीरपुर में बस चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इससे पहले वह कांगड़ा में एंबुलेंस चलाती थीं। नैंसी ने बताया कि उन्होंने छोटी गाड़ी चलाने से शुरुआत की थी।
माता-पिता ने उन्हे पूरा सहयोग दिया जिसके बाद उन्होंने एचआरटीसी में दो माह का प्रशिक्षण लेकर लाइसेंस प्राप्त किया। आज पहली बार सवारियों से भरी बस चलाने का उनका अनुभव बेहद अच्छा रहा।
नैंसी का सपना एचआरटीसी बस में चालक बनना है। नैंसी ने बेटियों के लिए संदेश देते हुए कहा कि अगर परिवार सहयोग करे तो लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।
लड़कियों को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए और हर तरह की झिझक छोड़कर वो काम करना चाहिए जो उनका दिल कहे।
बस में सवारियों ने भी नैंसी की खूब तारीफ की। बस में मौजूद महिलाओं और युवतियों ने कहा कि उनके ये देखकर बेहद खुशी महसूस हुई कि बस एक लड़की चला रही है।
नैंसी ऐसी कई लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं जो बस चालक बनना चाहती हैं या ऐसे क्षेत्र में जाना चाहती हैं जहां अब तक केवल पुरुष काम करते रहे हैं।
बता दें, सीमा ठाकुर हिमाचल की पहली महिला बस ड्राइवर हैं। वह हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की भी पहली महिला बस चालक हैं। अब नैंसी हिमाचल की पहली निजी महिला बस चालक बन गई हैं।