बिलासपुर। हिमाचल के बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर हुए हमले के मामले में बड़ी अपडेट है। पुलिस ने उस गाड़ी और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जिसका इस्तेमाल हमलावरों ने भागने में किया था। जांच में ये भी पता चला है कि मौके पर 12 नहीं बल्कि करीब 22 से 24 राउंड फायरिंग हुई।
गोलियां चार लोगों ने चलाईं और हमलावर गोलीकांड को अंजाम देने के बाद मंडी, कुल्लू की तरफ भागे हैं। हालांकि, इस मामले पर अभी जिला पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
गोली लगने से घायल पूर्व विधायक बंबर ठाकुर आईजीएमसी में भर्ती हैं। शनिवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अस्पताल पहुंचे और बंबर ठाकुर का कुशलक्षेम पूछा। मंत्री ने उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल की है, वहीं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मामले का संज्ञान लिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम उनसे भी बात करेंगे और पुलिस जांच होनी चाहिए। इसमें दूसरे राज्यों के लोगों के साथ ड्रग तस्करों की भी संलिप्तता हो सकती है। उच्च स्तरीय एसआईटी बनाई जानी चाहिए।
सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, खासकर पंजाब से सटी सीमाओं पर। बंबर ठाकुर को निश्चित रूप से पुलिस सुरक्षा मिलेगी, लेकिन यह फैसला राज्य के डीजीपी और सीएम की ओर से लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच किए जाने से पहले किसी भी तरह की राजनीतिक संलिप्तता पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
एसपी बिलासपुर एसपी संदीप धवल ने कहा कि पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमले के मामले में मौके पर जांच में साक्ष्य मिले और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इनपुट मिली है। जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। टीम फिल्ड में जाकर टारगेट का पीछा कर रही है। एक गाड़ी को भी जांच में शामिल किया है। हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, क्योंकि वे यहां के नहीं हैं इसलिए पुलिस को जांच में समय लग रहा है। साक्ष्यों व लीड के आधार पर जल्द ही पुलिस आरोपियों को पकड़ने में कामयाब होगी।
बता दें शुक्रवार को होली के दिन बंबर ठाकुर पर कुछ अज्ञात लोगों ने गोलियां चला दीं। वारदात के समय बंबर ठाकुर बिलासपुर में अपने आवास पर थे। मौके पर करीब 12 राउंड गोलियां चलीं। बंबर ठाकुर और उनके पीएसओ के पीठ और पेट पर गोलियां लगी हैं।
गोलियां चलने के बाद बंबर को पहले किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था और पीएसओ (PSO) को सीधे अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ समय बाद बंबर को भी अस्पताल पहुंचाया गया। बंबर ठाकुर को टांग में गोली लगी है उनको आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है वहीं, पीएसओ को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पीएसओ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इससे पहले पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर 23 फरवरी, 2024 को रेल लाइन निर्माण कंपनी के कार्यालय के बाहर भी हमला हुआ था। इस दौरान 11 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया था। इस हमले के बाद 20 जून 2024 को बंबर ठाकुर पर हमले के मुख्य आरोपी पर कोर्ट परिसर के बाहर गोलियां चलाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने बंबर ठाकुर के बेटे सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद 23 फरवरी को बंबर ठाकुर पर हुए हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 9 जनवरी को कारतूस मामले में एक बार फिर गिरफ्तार किया था। इस दौरान बंबर ठाकुर ने आरोप लगाए थे कि उन पर जानलेवा हमला करने की तैयारी की जा रही है।